देश में मानसून का असर अब दिखाई देने लगा है। मुंबई में बारिश का दौर शुरू हो चुका है। इसके साथ ही देश के मध्य और पश्चिमोत्तर राज्यों में अब मूसलाधार बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग IMD ने अगले चार-पांच दिनों में मध्य एवं पश्चिमोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग के अनुसार अगले चार-पांच दिनों में 5 राज्यों में व्यापक बारिश होने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार ओडिशा, बंगाल, झारखंड और बिहार में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अगले तीन दिनों के दौरान महाराष्ट्र एवं गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भी भारी बारिश की संभावना है।

मुंबई हुई पानी-पानी, महाराष्ट्र के 10 जिलों में हो सकती है भारी बारिश
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। साथ ही पुणे, नासिक, धुले, जलगांव, नंदुरबर, सतारा, कोल्हापुर, परभनी, नांदेड और हिगोली में भी भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र और गोवा के मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

गुजरात और महाराष्ट्र में जमकर हुई बारिश
गुजरात और महाराष्ट्र के कई जिलों में रविवार को जमकर बारिश हुई। जिससे कई जगह जमकर जलभराव हो गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुजरात के कई जिलों में रविवार को जमकर बारिश हुई। देवभूमि द्वारका जिले की खंभालिया तहसील में 434 मिमी बरसात दर्ज की गई। सौराष्ट्र क्षेत्र के पोरबंदर, गिर सोमनाथ, जूनागढ़ और अमरेली जिलों के साथ-साथ दक्षिण गुजरात के वलसाड और नवसारी जिलों में भी दिनभर बारिश होती रही। महाराष्ट्र में रविवार को मुंबई और आसपास के ठाणे, पालघर, व रायगढ़ जिलों में लगातार तीसरे दिन भी बारिश होती रही। इस वजह से मुंबई के निचले इलाकों में जलभराव हो गया और लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
